चाय की चीनी नहीं, महंगाई की पूरी चेन
"चीनी तेल आटा" मतलब अर्थव्यवस्था का आईना !
चीनी के बढ़ते दाम पर केंद्रीय मंत्री और सरकार के सहयोगी जयंत चौधरी का एक बयान इन दिनों
चर्चा में है। जब उनसे महंगी होती चीनी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने लगभग यह तर्क दिया
कि एक औसत परिवार महीने में कितनी चीनी खाता है—एक किलो या डेढ़ किलो तो खाता
नहीं होगा।
सुनने में बात बड़ी सीधी लगती है।
लेकिन शायद यहीं से चीनी और अर्थव्यवस्था के बीच का पूरा रिश्ता एक चम्मच में समेट दिया
गया।
मानो चीनी सिर्फ सुबह की चाय के कप में जाती है—
एक चम्मच चीनी × एक कप चाय = बस इतनी ही चीनी!
तो फिर महंगाई की चिंता कैसी?
लेकिन जनाब, समस्या यही है कि चीनी केवल चाय के कप में नहीं जाती।
चीनी जाती है—
-बिस्कुट में।
-ब्रेड में।
-केक में।
-मिठाई में।
-आइसक्रीम में।
-चॉकलेट में।
-जूस और पेय पदार्थों में।
-बेकरी उत्पादों में।
-रेस्तरां के डेजर्ट में।
-होटल और कैटरिंग में।
-चाय-कॉफी बेचने वाले लाखों छोटे कारोबारों में।
-मिठाई की दुकानों में।
-फूड प्रोसेसिंग उद्योग में।
और यही वह जगह है जहां "एक आदमी कितनी चीनी खाता है" वाला सवाल अचानक बहुत छोटा
पड़ जाता है।
चीनी चम्मच नहीं, अर्थव्यवस्था की बत्ती है
इसे एक उदाहरण से समझिए।
मान लीजिए किसी घर में चीनी की खपत महीने में केवल 2 किलो है।
अगर चीनी ₹10 महंगी हो गई तो परिवार पर सीधा असर सिर्फ ₹20 का होगा।
अब कोई कह सकता है—
"₹20 के लिए इतना हंगामा क्यों?"
लेकिन यही गणित अगर एक मिठाई बनाने वाली फैक्ट्री पर लगाइए।
-वह रोज सैकड़ों किलो चीनी इस्तेमाल करती है।
-फिर एक बिस्कुट फैक्ट्री को देखिए।
-फिर आइसक्रीम निर्माता को।
-फिर सॉफ्ट ड्रिंक और पेय पदार्थों को।
-फिर हजारों बेकरी।
-फिर लाखों मिठाई की दुकानें।
-फिर होटल, रेस्तरां और कैटरिंग।
-फिर चाय-कॉफी और फास्ट-फूड की दुकानें।
अब समझ में आता है कि चीनी की कीमत केवल घर की एक कप चाय तक सिमित नहीं है।
यही बात दूध पर भी लागू होती है
दूध को भी अगर केवल चाय के गिलास से देखा जाए तो बात छोटी लगेगी।
लेकिन दूध है—
दही।
पनीर।
खोया।
मिठाई।
आइसक्रीम।
कुल्फी।
चाय।
कॉफी।
बेकरी।
रेस्तरां।
होटल।
कैटरिंग।
इसलिए दूध का भाव बढ़ने का मतलब सिर्फ यह नहीं है कि घर में एक लीटर दूध के लिए ₹5 या ₹10 ज्यादा देने पड़ेंगे।
इसका अर्थ है कि दूध से उत्पाद बनाने वाले हजारों उद्योगों की उत्पादन लागत भी बढ़ सकती है।
और वह लागत आखिरकार कहां जाएगी?
ग्राहक की जेब में।
यही है महंगाई का "बम"
महंगाई को समझने के लिए इसे एक बम की तरह समझिए।
दूध, चीनी, तेल, आटा और ईंधन—ये खुद बम नहीं हैं।
लेकिन ये अर्थव्यवस्था की उस बत्ती की तरह हैं जिसे अगर लगातार महंगा किया जाए और लागत की
आग उसमें लगती जाए, तो उसका असर केवल एक वस्तु तक सीमित नहीं रहता।
पहले चीनी महंगी।
फिर मिठाई महंगी।
फिर बिस्कुट महंगा।
फिर आइसक्रीम महंगी।
फिर होटल का डेजर्ट महंगा।
फिर कैटरिंग महंगी।
फिर शादी-ब्याह का खाना महंगा।
और फिर वही बढ़ी हुई लागत किसी न किसी रूप में उपभोक्ता की जेब तक पहुंचती है।
यही Cost-Push Inflation का खेल है।
नेता के लिए एक चम्मच, बाजार के लिए हजारों टन
व्यंग्य यही है कि किसी परिवार के लिए चीनी की खपत सचमुच बहुत बड़ी नहीं हो सकती।
लेकिन सरकार और नीति बनाने वालों को परिवार की चम्मच नहीं, पूरी अर्थव्यवस्था की खपत देखनी चाहिए।
एक आदमी कितनी चीनी खाता है?
यह सवाल ठीक है।
लेकिन उसके बाद दूसरा सवाल भी होना चाहिए—
देश की बिस्कुट फैक्ट्रियां कितनी चीनी खरीदती हैं?
मिठाई उद्योग कितना इस्तेमाल करता है?
आइसक्रीम उद्योग कितना इस्तेमाल करता है?
बेकरी उद्योग कितना इस्तेमाल करता है?
पेय पदार्थ उद्योग कितना इस्तेमाल करता है?
होटल-रेस्तरां उद्योग कितना इस्तेमाल करता है?
और सबसे महत्वपूर्ण—
इन सभी उद्योगों की लागत बढ़ने पर कीमत कौन चुकाता है?
जवाब है—
आखिरकार उपभोक्ता।
जयंत चौधरी के बयान का दूसरा पहलू भी है
जयंत चौधरी का तर्क किसानों के हित से जुड़ा था। उन्होंने महंगी चीनी की चर्चा के साथ
किसानों को मिलने वाले लाभ की बात भी उठाई।
किन्तु क्या चीनी के बढे दाम, किसानों को गन्ने के बढे दाम के कारण हैं ?
इसका सीधा उत्तर है- नहीं
किसानों को गन्ने का उचित मूल्य मिलना निश्चित रूप से जरूरी है।
लेकिन किसान को ज्यादा कीमत मिलने और उपभोक्ता को महंगी चीनी मिलने के बीच की पूरी
अर्थव्यवस्था को समझना भी उतना ही जरूरी है।
अगर गन्ने का मूल्य बढ़ता है तो उसका असर चीनी की उत्पादन लागत पर पड़ सकता है।
अगर चीनी महंगी होती है तो खाद्य उद्योग की लागत बढ़ सकती है।
अगर खाद्य उद्योग की लागत बढ़ती है तो तैयार खाद्य पदार्थ महंगे हो सकते हैं।
इसलिए किसान और उपभोक्ता को आमने-सामने खड़ा करना समस्या का समाधान नहीं है।
सवाल यह होना चाहिए कि किसान को बेहतर दाम भी मिले और उपभोक्ता पर अनावश्यक बोझ भी न पड़े
—यह संतुलन कैसे बनाया जाए?
फिलहाल चीनी का भाव बहुत कुछ कह रहा है
अगस्त 2026 में चीनी की कीमत में तेज उछाल आया है। Reuters के अनुसार पिछले दो महीनों में
खुदरा कीमतों में 40% से अधिक की तेजी देखी गई, जबकि चीनी उद्योग के एक प्रमुख प्रतिनिधि ने
वास्तविक कमी के बजाय सट्टा खरीद को तेजी का बड़ा कारण बताया। सरकार ने कीमतों पर दबाव
कम करने के लिए 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति भी दी है।
इसके बावजूद खुदरा बाजार और थोक बाजार के बीच कीमतों का अंतर चिंता पैदा कर रहा है। थोक/
मिल कीमतों में गिरावट आने के बावजूद खुदरा उपभोक्ता को तुरंत उसी अनुपात में राहत नहीं मिली
है।
यानी समस्या सिर्फ "एक परिवार कितनी चीनी खाता है" की नहीं है।
समस्या यह भी है कि पूरी सप्लाई चेन में चीनी किस कीमत पर घूम रही है।
बड़ा सवाल: एक चम्मच चीनी नहीं, चीनी की बाजार में माँग देखो
अगर नीति निर्माता चीनी को केवल घर की चाय में डालने वाली वस्तु समझेंगे तो महंगाई का एक बड़ा
हिस्सा उनकी नजर से छूट जाएगा।
क्योंकि भारत की अर्थव्यवस्था में लाखों छोटे दुकानदार, बेकरी, मिठाई विक्रेता, होटल, रेस्तरां और
बड़े खाद्य उद्योग इसी कच्चे माल पर निर्भर हैं।
इसलिए किसी मंत्री से यह पूछना गलत नहीं होगा कि—
"आपके घर में कितनी चीनी जाती है?"
लेकिन देश की अर्थव्यवस्था के लिए असली सवाल है—
"आपकी नीतियों की वजह से चीनी का भाव बढ़ने पर देश के करोड़ों उपभोक्ताओं और
लाखों खाद्य कारोबारियों की लागत कितनी बढ़ती है?"
यही फर्क है—
रसोई की चम्मच देखने और पूरी अर्थव्यवस्था देखने में।
और अगर सरकार महंगाई को केवल चाय के कप में नापेगी, तो हो सकता है कि उसे बाजार में
उबलती हुई पूरी केतली दिखाई ही न दे।
